उन्नाव में मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत आठ दंपतियों का सम्मान, पुलिस के प्रयासों की सराहना

जिला संवाददाता — देवेंद्र तिवारी, Kisan Mail News
उन्नाव। मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत कोतवाली सदर स्थित परिवार परामर्श केंद्र में सुलह-समझौते के जरिए फिर से एक हुए आठ दंपतियों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान दंपतियों को थाने बुलाकर सम्मानित किया गया और उनके पारिवारिक जीवन का फीडबैक भी लिया गया।
कार्यक्रम में एसपी उत्तरी आयुष श्रीवास्तव ने दंपतियों से बातचीत कर उनके वर्तमान पारिवारिक जीवन के बारे में जानकारी ली। दंपतियों ने आपसी प्रेम, विश्वास और सौहार्द के साथ जीवन बिताने की बात कही। साथ ही, पारिवारिक विवादों को सुलझाने में पुलिस द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए आभार जताया।
इस अवसर पर सभी आठ दंपतियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। उन्हें अंगवस्त्र, खाद्य सामग्री और प्रतीक चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया।
एसपी उत्तरी आयुष श्रीवास्तव ने मिशन शक्ति अभियान और परिवार परामर्श केंद्र की टीम के कार्यों की सराहना की। उन्होंने पारिवारिक विवादों के समाधान और परिवारों को फिर से जोड़ने के लिए किए जा रहे प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में कोतवाली प्रभारी चंद्रकांत मिश्र, महिला थाना प्रभारी रेखा सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
मिशन शक्ति अभियान के तहत पुलिस की ओर से पारिवारिक विवादों को बातचीत और आपसी सहमति के माध्यम से सुलझाकर परिवारों में सौहार्द बनाए रखने की पहल की जा रही है।



