उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

मिशन शक्ति: छात्रा आराध्या गुप्ता बनीं एक दिन की यातायात प्रभारी, चौराहे पर संभाली व्यवस्था

ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News

उन्नाव। मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत किंग्सन इंटर कॉलेज की कक्षा 12 की छात्रा आराध्या गुप्ता को एक दिन के लिए यातायात प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई। इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

एसएसपी उन्नाव के निर्देशन और सीओ यातायात प्रदीप कुमार मौर्य के पर्यवेक्षण में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रभारी निरीक्षक यातायात सुनील कुमार सिंह ने छात्रा का पुष्पगुच्छ और प्रतीक चिह्न देकर स्वागत किया। इसके बाद उन्हें यातायात कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों और कर्मचारियों की जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी दी गई।

एक दिन की यातायात प्रभारी आराध्या गुप्ता ने आईबीपी चौराहे पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान वाहन चालकों और आमजन को यातायात नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक किया गया। वहीं, नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध यातायात पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई भी की।

कार्यक्रम में प्रभारी परिवार परामर्श केंद्र डॉ. आशीष श्रीवास्तव सहित यातायात पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से पुलिस बालिकाओं को विभिन्न जिम्मेदारियों से परिचित कराने और उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ महिला सुरक्षा एवं सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने का प्रयास कर रही है।

Related Articles

Back to top button