भगवा ध्वज यात्रा के साथ 154वें रामलीला महोत्सव का शुभारंभ, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा उन्नाव

ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News
उन्नाव। शहर में 154वें रामलीला महोत्सव का शुभारंभ विशाल भगवा ध्वज यात्रा के साथ हुआ। मोती नगर स्थित हनुमान मंदिर से निकली यात्रा में बड़ी संख्या में रामभक्त शामिल हुए। जय श्रीराम के जयकारों से शहर का वातावरण भक्तिमय हो गया।
ध्वज यात्रा से पहले सदर विधायक पंकज गुप्ता ने पूजन-अर्चन किया और यात्रा को रवाना किया। इस दौरान हनुमान जी की झांकी सजे हुए रथ पर आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। यात्रा में शामिल श्रद्धालु भगवा ध्वज लेकर नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए रामलीला मैदान पहुंचे।
रामलीला कमेटी के अध्यक्ष संजय राठी सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी पूजन-अर्चन किया। ध्वज यात्रा के माध्यम से नगरवासियों को रामलीला महोत्सव में शामिल होने का आमंत्रण दिया गया।
यात्रा प्रमुख विमल द्विवेदी ने सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराओं के प्रति आस्था मजबूत करने पर जोर दिया। यात्रा में बड़ी संख्या में रामभक्तों के साथ सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
154वें रामलीला महोत्सव के शुभारंभ के साथ शहर में धार्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिला। आयोजन के माध्यम से रामलीला की परंपरा को आगे बढ़ाने और लोगों को धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों से जोड़ने का संदेश दिया गया।



