
राष्ट्रीय सुरक्षा तथा स्वदेशी उद्योगो को प्रोत्साहन दें
लखनऊ। स्वदेशी व्यापारी मंच के राष्ट्रीय सह-संयोजक एवं अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल ने स्टारलिंक जैसी विदेशी सैटेलाइट इंटरनेट सेवाओं के संदर्भ में भारतीय डेटा की सुरक्षा, राष्ट्रीय संप्रभुता तथा देश के व्यापार एवं उद्यम जगत के हितों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सरकार का ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने भारत सरकार से स्टारलिंक के लाइसेंस को रद्द किये जाने की मांग की। बंसल ने कहा कि इस विषय पर स्वदेशी जागरण मंच, स्वदेशी व्यापारी मंच तथा अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल एक साथ हैं तथा देश के अन्य उद्यमी व्यापारी संगठनो को एक मंच पर लाया जायेगा।
संदीप बंसल ने कहा कि भारत आधुनिक तकनीक का स्वागत करता है, लेकिन तकनीकी विकास के साथ देश की सुरक्षा, नागरिकों की निजता और स्वदेशी उद्योग के हितों की रक्षा भी अनिवार्य है। किसी भी विदेशी कंपनी को भारत में सेवाएँ प्रदान करते समय भारतीय कानूनों एवं निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आज डिजिटल अर्थव्यवस्था में नागरिकों, व्यापारियों, उद्यमियों और संस्थानों का डेटा अत्यंत महत्वपूर्ण संसाधन है। ऐसे में यह स्पष्ट होना चाहिए कि भारतीय उपयोगकर्ताओं का डेटा कहाँ सुरक्षित रखा जाता है, उसका प्रबंधन किस प्रकार होता है तथा भारतीय कानूनों के अंतर्गत उस पर प्रभावी नियंत्रण कैसे सुनिश्चित किया जाता है।
उन्होंने भारत सरकार से मांग करते हुए कहा कि भारतीय उपयोगकर्ताओं के डेटा की सुरक्षा, सैटेलाइट इंटरनेट सेवाओं की राष्ट्रीय सुरक्षा संबंधी शर्तों और वैधानिक निगरानी व्यवस्था का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, आवश्यक सुरक्षा जाँच एवं नियामकीय मंजूरियों की स्थिति स्पष्ट की जाए, भारतीय दूरसंचार कंपनियों, स्वदेशी तकनीक और घरेलू उद्यमियों को प्रोत्साहित किया जाए, निर्धारित सुरक्षा शर्तों का अनुपालन न होने की स्थिति में संबंधित कानूनों के अनुसार उचित कार्रवाई की जाए।

इस सन्दर्भ में देश के प्रधान मंत्री तथा राष्ट्रपति से भेंट की जाएगी। आज की पत्रकार वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष रिपन कंसल, लखनऊ महानगर अध्यक्ष सुरेश छाबलानी, महामंत्री अनुज गौतम, शुभम मौर्या, संजयनिधि अग्रवाल, स्वदेशी जागरण मंच के अवध प्रान्त संयोजक अमित सिंह वत्स, गोसाईगंज प्रभारी सुनील गुप्ता, प्रमुख रूप से उपस्थित रहें।



