उन्नाव में PET परीक्षा की तैयारियों को लेकर डीएम ने की बैठक, 13 केंद्रों पर होगी परीक्षा

संवाददाता: सचिन पांडेय
उन्नाव। जिले में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) को सकुशल, निष्पक्ष एवं नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए।
जिले में 25 और 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर को PET परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके लिए कुल 13 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां दो पालियों में परीक्षा संपन्न होगी। प्रत्येक पाली में 4,556 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
डीएम घनश्याम मीना ने सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, पेयजल, पर्याप्त प्रकाश और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक केंद्र पर प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा के आयोजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बस स्टेशन पर हेल्प डेस्क स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों को आवश्यक जानकारी और सहायता मिल सके। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित फोटोकॉपी की दुकानों पर भी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे परीक्षा की शुचिता बनी रहे।
वहीं, एसएसपी जय प्रकाश सिंह ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना प्रवेश पत्र के किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
प्रशासन ने परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं।



