उन्नाव: PET परीक्षा को लेकर डीएम और एसएसपी का बस स्टैंड पर औचक निरीक्षण

जिला संवाददाता: देवेंद्र तिवारी
उन्नाव। UPSSSC PET परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में 24 अक्टूबर 2026 को जिलाधिकारी घनश्याम मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने उन्नाव बस स्टैंड का संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने PET परीक्षा में शामिल होने के लिए जिले में आने वाले अभ्यर्थियों की संभावित भीड़, आवागमन की सुचारु व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए की गई तैयारियों की समीक्षा की। साथ ही बस स्टैंड जैसे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी सुशील कुमार, उप जिलाधिकारी सदर राजेश विश्वकर्मा और क्षेत्राधिकारी नगर विनी सिंह भी मौजूद रहीं।
डीएम और एसएसपी ने संबंधित कर्मचारियों को भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सतर्कता बरतने, संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो और सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक न होने पाए।
प्रशासन की प्राथमिकता अभ्यर्थियों की सुरक्षा, सुविधा और PET परीक्षा का शांतिपूर्ण संचालन सुनिश्चित करना है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को पूरी जिम्मेदारी एवं सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए हैं।



