शिवमहापुराण कथा में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए हाईवे के कट बंद, पुलिस तैनात

जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
अचलगंज (उन्नाव)। बीघापुर ब्लॉक के गौरी गांव में आयोजित शिवमहापुराण कथा में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए उन्नाव-लालगंज हाईवे पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। हाईवे के कई कटों को बोल्डर लगाकर बंद करा दिया गया है। इसके साथ ही संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, जिससे वाहन चालक गलत दिशा से आवागमन न कर सकें।
दरअसल, कथा में शामिल होने और वापस लौटने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच हाईवे पर लगातार दुर्घटनाओं की घटनाएं सामने आ रही थीं। सोमवार को भैंसई गांव के पास हुए हादसे में एक राजमिस्त्री की मौत हो गई थी, जबकि 12 से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना थी। इससे प्रशासन और पुलिस की चिंता बढ़ गई।
थानाध्यक्ष सुब्रत नारायण त्रिपाठी ने पीएनसी के अधिकारियों से बातचीत कर भैंसई गांव के सामने बने कट को बोल्डर लगवाकर बंद कराया। सराय गांव के पास बने कट पर दोनों ओर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं लोहचा से कोरारी की ओर विपरीत दिशा में जाने वाले वाहनों को रोकने के लिए बैरियर लगाए गए हैं।
पुलिस की व्यवस्था के बाद मंगलवार को तीनों कटों के आसपास कोई दुर्घटना नहीं होने की जानकारी सामने आई। प्रशासन का प्रयास है कि कथा में आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय राहगीरों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।



