राजधानी में डेंगू मरीजों का आंकड़ा एक हजार के पार

लखनऊ -राजधानी में अब तक डेंगू के 1005 मरीज मिले.
सितंबर में हुई अधिक बारिश मानी जा रही वजह.
जगह-जगह जमा पानी में पनप रहा है लार्वा.
गोमतीनगर, इंदिरानगर, अलीगंज में ज्यादा मरीज.
फैजुल्लागंज और खदरा में डेंगू के मामले कम.
दोनों संवेदनशील इलाकों में 8 से 10 मरीज मिले…
लखनऊ के गोमतीनगर, इंदिरानगर, अलीगंज, वृंदावन कॉलोनी जैसी पॉश कॉलोनी में डेंगू के मामले सर्वाधिक आए हैं। सितंबर के महीने में 500 से अधिक लोग डेंगू की चपेट में आ चुके हैं।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से एंटी लार्वा छिड़काव और जागरूकता अभियान चलाए जाने के बावजूद डेंगू पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो सका। सितंबर में ही 500 से अधिक लोग डेंगू की चपेट में आए। राहत की बात यह है कि बीमारी से किसी ने जान नहीं गंवाई। वहीं, लगभग 15 मरीज विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं।
डॉक्टरों ने बताया डेंगू का मच्छर साफ पानी में पनपता है। घरों में रखे कूलर, गमले, पानी की टंकियों, पुराने टायर और कबाड़ में जमा पानी मच्छरों के प्रजनन का कारण बनता है। सीएमओ डॉ. एनबी सिंह का कहना है कि बीते साल भी नवंबर तक करीब एक हजार मामले रिपोर्ट किए गए थे। उन्होंने लोगों से घरों में पानी न जमा होने देने की अपील की है।




