योगी सरकार में बेटियाँ बनीं सुरक्षा की कमान, युवाओं को मिला प्रतिभा का सम्मान: डॉ. राजेश्वर सिंह

ब्यूरो रिपोर्ट-ऋषभ तिवारी
लखनऊ (सरोजनीनगर)। उत्तर प्रदेश की बदलती कानून-व्यवस्था, महिला सशक्तीकरण और रोजगार के अवसरों को लेकर सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने योगी सरकार की नीतियों की सराहना की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में आया बदलाव केवल आँकड़ों का नहीं, बल्कि जनता के भरोसे का बदलाव है। जो बेटियाँ कभी थाने जाने से झिझकती थीं, आज वे खाकी वर्दी पहनकर प्रदेश की सुरक्षा संभाल रही हैं और युवाओं को बिना किसी सिफारिश के केवल मेहनत के दम पर सरकारी नौकरियाँ मिल रही हैं।
महिला पुलिसकर्मियों की संख्या चार गुना बढ़ी, वीरांगनाओं के नाम पर नई बटालियन डॉ. सिंह ने बताया कि वर्ष 2017 से पहले यूपी पुलिस में महिला कर्मियों की संख्या लगभग 10 हजार थी, जो आज चार गुना बढ़कर 44 हजार से अधिक हो गई है। 20 प्रतिशत आरक्षण के साथ सरकार का अगला लक्ष्य इसे 50 हजार तक पहुँचाने का है। उन्होंने कहा कि थाने में महिला पुलिसकर्मी की मौजूदगी से पीड़ित महिलाओं का आधा डर वहीं खत्म हो जाता है। इसके साथ ही, इतिहास की महान वीरांगनाओं को सम्मान देते हुए लखनऊ में वीरांगना ऊदा देवी पासी, गोरखपुर में वीरांगना झलकारी बाई कोरी और बदायूँ में वीरांगना अवंतीबाई लोधी के नाम पर तीन नई महिला पीएसी (PAC) बटालियनों की स्थापना की गई है।
पुलिस बल को मिली मजबूती, प्रशिक्षण क्षमता दस गुना बढ़ी पूर्व पुलिस अधिकारी रहे डॉ. राजेश्वर सिंह ने पुलिस सुधारों का जिक्र करते हुए कहा कि 2017 में विभाग में करीब डेढ़ लाख पद रिक्त थे, जबकि आज 2.30 लाख से अधिक पदों पर पारदर्शी भर्ती पूरी हो चुकी है। इसके अतिरिक्त, पुलिस प्रशिक्षण की क्षमता 6 हजार से बढ़कर 60 हजार (दस गुना) हो गई है। उन्होंने कहा कि मजबूत कानून-व्यवस्था ही वह नींव है, जिस पर प्रदेश में निवेश आता है और विकास टिकता है।
9.75 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी, सरोजनीनगर में बनेगी पहली AI सिटी युवाओं के रोजगार पर बात करते हुए विधायक ने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में साढ़े नौ लाख से अधिक (9.75 लाख) युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नियुक्ति पत्र मिले हैं और निवेश के जरिए 65 लाख रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं। उन्होंने इसे किसी किसान पिता के त्याग और माँ की उम्मीदों की जीत बताया। भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए डॉ. सिंह ने कहा कि सरोजनीनगर में उत्तर प्रदेश की पहली ‘AI सिटी’ और राज्य राजधानी क्षेत्र (SCR) को निवेश केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है, ताकि स्थानीय युवाओं को रोजगार के लिए अपना घर न छोड़ना पड़े।
अंत में उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश का युवा गर्व से सिर उठाकर कह सकता है कि वह यूपी से है और सरोजनीनगर प्रदेश के इस समावेशी विकास की यात्रा में पूरी मजबूती से खड़ा है।



