कानपुर: रेस्टोरेंट में हुक्का न मिलने पर दरोगा और कांस्टेबल पर मारपीट का आरोप, उप निरीक्षक निलंबित
ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News
कानपुर। स्वरूप नगर स्थित एक रेस्टोरेंट में हुक्का उपलब्ध न कराने को लेकर विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि शनिवार देर रात करीब ढाई बजे एक दरोगा, कांस्टेबल और उनके साथ आए दो अन्य लोगों ने रेस्टोरेंट में हंगामा किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने जांच कराई। जांच में मारपीट की पुष्टि होने पर थाना बेकनगंज में तैनात उप निरीक्षक को निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, मामला स्वरूप नगर स्थित टर्न ऑन रेस्टोरेंट का है। आरोप है कि रेस्टोरेंट में हुक्का नहीं मिलने पर दरोगा, कांस्टेबल और उनके साथ मौजूद दो अन्य लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान लड़कियों पर छींटाकशी करने और रेस्टोरेंट के कर्मचारियों के साथ मारपीट करने का भी आरोप है। बताया गया कि मारपीट के दौरान वेटरों के कपड़े तक फाड़ दिए गए।
वीडियो वायरल होने के बाद जांच
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने मामले की जांच एसीपी स्वरूप नगर ज्योति श्री को सौंपी। जांच के दौरान मारपीट की पुष्टि हुई, जिसके बाद संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
दरोगा निलंबित, कांस्टेबल पर भी कार्रवाई
डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि इस प्रकरण में थाना बेकनगंज में तैनात उप निरीक्षक को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, दक्षिण जोन में तैनात कांस्टेबल के विरुद्ध पत्राचार के माध्यम से कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस विभाग की इस कार्रवाई के बाद मामला चर्चा में है। घटना में शामिल अन्य व्यक्तियों के विरुद्ध की गई कार्रवाई और मामले की आगे की स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार है।



