उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

मिशन शक्ति: छात्रा आयुषी बनीं एक दिन की महिला थाना प्रभारी, दंपती के विवाद को सुलझाने की प्रक्रिया समझी

ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News

उन्नाव। मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत बालिकाओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से उन्नाव महिला थाने में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें किंग्सन इंटर कॉलेज की छात्रा आयुषी ने एक दिन के लिए महिला थाना प्रभारी की भूमिका निभाई और पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से समझा।

एसएसपी जय प्रकाश सिंह के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान महिला थाना प्रभारी निरीक्षक रेखा सिंह ने छात्रा का स्वागत किया। उन्होंने आयुषी को महिला थाने की कार्यप्रणाली, शिकायतों की सुनवाई और उनके निस्तारण की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी।

इस दौरान छात्रा ने महिला संबंधी शिकायतों और पारिवारिक विवादों की सुनवाई की प्रक्रिया को समझा। पारिवारिक विवाद से जुड़े एक दंपती की समस्याएं सुनने के बाद दोनों पक्षों को आपसी समझाइश दी गई। इसके बाद दंपती साथ रहने के लिए सहमत हो गया। इस अनुभव के माध्यम से छात्रा ने संवाद, धैर्य और निष्पक्ष सुनवाई के महत्व को जाना।

आयुषी ने मिशन शक्ति हेल्प डेस्क का निरीक्षण कर महिलाओं की शिकायतें दर्ज करने और उनके निस्तारण की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम में किंग्सन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य मोनिश अहमद रिजवी और शिक्षिका नगमा ने उन्नाव पुलिस की इस पहल की सराहना की। कार्यक्रम का समन्वय डॉ. आशीष श्रीवास्तव ने किया।

इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं को पुलिस की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के साथ उनमें आत्मविश्वास, निर्णय लेने की क्षमता और नेतृत्व कौशल विकसित करना है। मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान तथा अधिकारों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button