पुल से लोन नदी में कूदा 35 वर्षीय युवक, तेज बहाव के कारण तलाश में परेशानी

जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव। बिहार थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक युवक ने पुल से लोन नदी में छलांग लगा दी। घटना परसंडा गांव के पास हुई। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में युवक की तलाश शुरू कराई गई, लेकिन देर शाम तक उसका पता नहीं चल सका।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार युवक करीब साढ़े पांच बजे साइकिल से पुल पर पहुंचा था। उसने अपनी साइकिल पुल पर खड़ी की और कुछ देर तक वहां टहलता रहा। इसके बाद अचानक नदी में छलांग लगा दी।
घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने यूपी-112 को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक की पहचान कराने का प्रयास किया। बाद में उसकी पहचान साहबगंज निवासी करीब 35 वर्षीय संजू लोध के रूप में हुई। पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी।
स्थानीय गोताखोरों ने नदी में उतरकर तलाश शुरू की, लेकिन नदी का बहाव तेज होने के कारण अभियान में परेशानी आई। पुलिस के मुताबिक युवक के परिजनों ने उसके अवसाद में होने की बात बताई है। घटना की सूचना एनडीआरएफ को भी दी गई है।
पुलिस और बचाव दल की ओर से नदी में तलाश जारी रखी गई है।



