उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

उन्नाव में बारिश का कहर: 14 कच्चे मकान ढहे, मलबे में दबकर बुजुर्ग की मौत

जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी

फतेहपुर चौरासी के बरधाई गांव में दीवार गिरने से दादी-पोती घायल, इलाज के दौरान महिला ने तोड़ा दम

उन्नाव। जिले में लगातार हो रही बारिश ग्रामीणों के लिए आफत बन गई है। बारिश के कारण अलग-अलग क्षेत्रों में कई कच्चे मकान और दीवारें गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। जिले में करीब 14 कच्चे मकानों के गिरने की सूचना है। फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र के बरधाई गांव में कच्ची दीवार गिरने से दादी और उनकी आठ वर्षीय पोती मलबे में दब गईं।

हादसे के बाद गांव में अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला। हादसे में 70 वर्षीय गोपेश्वरी और उनकी आठ वर्षीय पोती आस्था घायल हो गईं।

परिजन दोनों को इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। बुजुर्ग महिला की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उपचार के दौरान उनकी हालत बिगड़ती चली गई और देर रात उनकी मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

घटना की सूचना पर राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने मकान गिरने से हुए नुकसान का आकलन कराया और पीड़ित परिवार को नियमानुसार सहायता दिलाने के लिए रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की।

ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों के सामने सबसे बड़ा खतरा बना हुआ है। कई मकानों की दीवारें नमी के कारण कमजोर हो चुकी हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे परिवारों का सर्वे कराकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

प्रशासन की ओर से भी लोगों से जर्जर और कमजोर मकानों में न रहने की अपील की जा रही है। बारिश के दौरान दीवारों और पुराने भवनों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Back to top button