उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

उन्नाव: स्कूली वाहनों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग का एक्शन, बिना अटेंडेंट मिले वाहनों के चालान

जिला संवाददाता — देवेंद्र तिवारी , Kisan Mail News

उन्नाव। स्कूली बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर परिवहन विभाग ने ‘मिशन सेफ फ्यूचर 3.0 अभियान’ के तहत स्कूली वाहनों की जांच तेज कर दी है। परिवहन आयुक्त के निर्देश पर 14 से 19 जून 2026 तक चलाए जा रहे अभियान में वाहनों में अटेंडेंट की मौजूदगी समेत सुरक्षा मानकों की जांच की जा रही है।

अभियान के दौरान विशेष रूप से बालिकाओं के परिवहन वाले वाहनों में महिला अटेंडेंट की अनिवार्यता पर जोर दिया जा रहा है। बिना अटेंडेंट के संचालित मिले स्कूली वाहनों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जा रही है।

एआरटीओ प्रथम संजीव कुमार सिंह ने जी-स्कूल और आदर्श विद्या मंदिर के स्कूली वाहनों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान बसों में अटेंडेंट मौजूद मिले। अधिकारियों ने वाहन चालकों और परिचरों को बच्चों की सुरक्षा से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

वहीं यात्रीकर माल अधिकारी विनय कुमार पाण्डेय ने ऋषिकुल विद्या मंदिर, जनक दुलारी और एसजेएस पब्लिक स्कूल के वाहनों की जांच की। निरीक्षण के दौरान बिना परिचर मिले वाहनों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। साथ ही विद्यालय प्रबंधन को भविष्य में सभी स्कूली वाहनों में अटेंडेंट की मौजूदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

एआरटीओ प्रशासन श्वेता वर्मा ने जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को पत्र भेजकर विद्यालयों में परिवहन सुरक्षा समिति के गठन, स्कूली वाहनों में अटेंडेंट की उपस्थिति और चालकों के चरित्र सत्यापन की प्रक्रिया सुनिश्चित कराने को कहा है।

परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही को लेकर कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button