निर्यात क्लस्टर बनाकर आम का निर्यात बढ़ाने के मण्डलायुक्त ने दिये निर्देश

मण्डल लखनऊ से कृषि निर्यात बढाने को हुआ मंथन मलिहाबादी दशहरी (जी0आई0 उत्पाद) को ओ0डी0ओ0पी0 में किया जायेगा शामिल
लखनऊ, 18 सितंबर 2026
उ0प्र0 कृषि निर्यात नीति के अन्तर्गत गठित मण्डल स्तरीय कृषि निर्यात निगरानी समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए मण्डलायुक्त विजय विश्वास पन्त ने लखनऊ में आम के निर्यात क्लस्टर का गठन कर आम निर्यात बढ़ाने हेतु कृषि विपणन एवं कृषि विदेश व्यापार तथा उद्यान विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये। उन्होंने अधिकारियों से आम उत्पादन में निर्यात गुणवत्ता के आम का प्रतिशत बढ़ाने के लिए अपनाये जाने वाले उपायों की एस0ओ0पी0 बनाकर आम उत्पादकों को प्रशिक्षित करने की आवश्यकता बतायी साथ ही सफल निर्यात की ‘सक्सेस स्टोरी’ बनाकर हितधारकों को प्रोत्साहित किया जाना अपेक्षित किया गया।
आयातक देशों के मानकों के अनुसार पेस्टीसाइड रेजीड्यू (Pesticide residue) अनुपालन के लिए कृषि उत्पादकों को आई0पी0एम0 (Intrigated Pest Management) का प्रशिक्षण दिलाये जाने, उन्नाव में पैक हाउस बनवानें की कार्यवाही में तेजी लाने के निर्देश दिये गये। उपस्थित निर्यातकों ने लखनऊ एयरपोर्ट पर फ्लाइट में पर्याप्त स्पेस न मिलने की समस्या से अवगत कराया, जिस पर मण्डलायुक्त द्वारा एयरलाइन्स के साथ वार्ता कर समाधान करने का आश्वासन दिया गया। मण्डलायुक्त द्वारा मलिहाबादी दशहरी आम को ओ0डी0ओ0पी० में सम्मिलित करने हेतु एम0एस0एम0ई0 विभाग से समन्वय कर कार्यवाही के निर्देश दिये।
बैठक का संचालन श्री संजय कुमार, सहायक विपणन अधिकारी, लखनऊ ने किया। बैठक में श्री राम जी मिश्र उप निदेशक (प्रशासन/विपणन) मण्डी परिषद लखनऊ श्री अजय कृष्ण, संयुक्त कृषि निदेशक, श्री देवश वर्मा, उप निदेशक उद्यान, आलोक मिश्रा, एसोसिएट, एपीड, श्री प्रदीप चिब, पी0क्यू0एस0 लखनऊ, वनस्पति संरक्षण संगरोध एवं संग्रह निदेशालय, लखनऊ, डा0 अखिलेश कुमार दुबे, अध्यक्ष/ वरिष्ठ वैज्ञानिक, कृषि विज्ञान केन्द्र, भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान, डा0 अजय कुमार कनौजिया, अपर निदेशक, पशुपालन, श्री विनीत कुमार पाण्डेय सहायक आयुक्त (खाद्य) खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग, सुश्री सृष्टि यादव उप निदेशक, मत्स्य आदि उपस्थित रहें।




