सड़क किनारे खड़ी ओमिनी में अचानक लगी आग, VIDEO में धूं-धूं कर जलती दिखी कार
ब्यूरो ऋषभ तिवारी
उन्नाव। सफीपुर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को सफीपुर-मियागंज मुख्य मार्ग पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क किनारे खड़ी एक ओमिनी कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कार धूं-धूं कर जलने लगी।
कार से तेज लपटें उठती देख आसपास मौजूद लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में वाहन आग की चपेट में पूरी तरह आ गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सड़क किनारे खड़ी ओमिनी धधकती हुई दिखाई दे रही है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आग बुझाने की कार्रवाई की। पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल आग लगने के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
घटना के दौरान किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि वाहन में आग किस वजह से लगी।



