Uncategorized

गोमती नदी के बढ़े जलस्तर के दृष्टिगत जिलाधिकारी एवं संयुक्त पुलिस आयुक्त ने नाव से फैजुल्लागंज के प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण


*प्रभावित नागरिकों से संवाद कर सुनी समस्याएं, मौके पर दवाओं एवं दैनिक आवश्यकता की वस्तुओं का किया वितरण*

*प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा, जल निकासी एवं स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी बनाए रखने के दिए निर्देश*

*नगर निगम के माध्यम से लगातार फॉगिंग एवं एंटी-लार्वा छिड़काव के भी दिए निर्देश*

*नावों के माध्यम से प्रभावित क्षेत्रों में समस्त आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश*



02 अक्टूबर 2026, लखनऊ।
गोमती नदी के बढ़े हुए जलस्तर के दृष्टिगत जिलाधिकारी  विशाख जी0 एवं संयुक्त पुलिस आयुक्त  बब्लू कुमार द्वारा फैजुल्लागंज के प्रभावित क्षेत्रों का नाव के माध्यम से स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने नाव से प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए जलभराव की स्थिति, राहत एवं बचाव कार्यों तथा नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने प्रभावित नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की तथा मौके पर ही नागरिकों को आवश्यक दवाओं एवं दैनिक आवश्यकता की वस्तुओं का वितरण भी किया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्रभावित लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी नगर पूर्वी द्वारा अवगत कराया गया कि प्रभावित क्षेत्रों में जिला प्रशासन द्वारा तीन बाढ़ राहत शिविर एवं एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। प्रभावित लोगों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मेडिकल कैंप संचालित किए जा रहे हैं तथा आवश्यक दवाओं का वितरण भी किया जा रहा है। उप जिलाधिकारी सदर द्वारा बताया गया कि प्रभावित लोगों के आवागमन एवं राहत कार्यों के लिए 24 नावों तथा आपात स्थिति से निपटने हेतु गोताखोरों की व्यवस्था की गई है। जिलाधिकारी द्वारा 10 अतिरिक्त नावों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

प्रभावित क्षेत्रों में बच्चों, वृद्धजनों एवं गर्भवती महिलाओं को चिन्हित कर उनकी सूची तैयार की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में उन्हें प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने तथा आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

नगर निगम के अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि नावों के माध्यम से प्रभावित क्षेत्रों में नियमित रूप से फॉगिंग कराई जा रही है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि फॉगिंग के साथ-साथ एंटी-लार्वा का छिड़काव भी निरंतर कराया जाए, ताकि जलभराव के कारण मच्छरों के प्रजनन पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में जलभराव के कारण पानी में एकत्रित कूड़े-कचरे की सफाई भी नावों के माध्यम से नियमित रूप से सुनिश्चित कराने के निर्देश नगर निगम को दिए गए।
फैलीजुल्लागंज में स्थिति की निगरानी हेतु अलग अलग शिफ्टों में 3 अपर जिलाधिकारी व उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदारों की टीम की तैनाती की गई है।

उक्त निरीक्षण में अपर जिलाधिकारी नगर पूर्वी, उप जिलाधिकारी सदर, तहसीलदार सदर, नगर निगम सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button