गंगाघाट में अतिक्रमण से हादसों का खतरा, कार की टक्कर से कक्षा 12 की छात्रा गंभीर घायल

जिला संवाददाता: देवेंद्र तिवारी
उन्नाव। गंगाघाट में अतिक्रमण के चलते यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। सड़कों पर अतिक्रमण और यातायात नियमों की अनदेखी के बीच दुर्गा मंदिर के सामने एक सड़क हादसे में कक्षा 12 की छात्रा मिनी द्विवेदी गंभीर रूप से घायल हो गई। बताया जा रहा है कि गलत दिशा से आ रही कार की टक्कर से बाइक कार में फंस गई। हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और अतिक्रमण की समस्या को चर्चा में ला दिया है।
सड़कें जनता की सुरक्षा के लिए या अतिक्रमणकारियों के कब्जे के लिए?
गंगाघाट की यातायात व्यवस्था को लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल उठ रहे हैं। सड़क पर अतिक्रमण के कारण आवागमन प्रभावित होने और हादसों का खतरा बढ़ने की आशंका के बीच लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन और नगर पालिका के लिए अहम चुनौती है।
नगर पालिका अध्यक्ष कौमुदी पाण्डेय की कार्यशैली को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। आलोचकों का कहना है कि सोशल मीडिया पर सक्रियता के साथ-साथ जमीनी स्तर पर भी अतिक्रमण हटाने और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए। अध्यक्ष के प्रतिनिधि पति संदीप पाण्डेय की सोशल मीडिया पर सक्रियता के मुकाबले धरातल पर काम को लेकर भी सवाल खड़े किए जा रहे हैं।
हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए ठोस कार्रवाई कब होगी? गनीमत रही कि हादसे में जान जाने की सूचना सामने नहीं आई, लेकिन छात्रा के गंभीर रूप से घायल होने की घटना ने सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
अब देखना होगा कि संबंधित अधिकारी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए अतिक्रमण हटाने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए क्या कदम उठाते हैं।



