मिशन शक्ति फेज-6.0: उन्नाव के सिविल लाइन में बहू-बेटी सम्मेलन, महिलाओं को सुरक्षा और अधिकारों के प्रति किया जागरूक

संवाददाता — सचिन पांडेय, Kisan Mail News
उन्नाव। मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत नवरात्रि के सप्तम दिवस पर सिविल लाइन क्षेत्र में बहू-बेटी सम्मेलन आयोजित किया गया। महिला थाना मिशन शक्ति टीम की ओर से आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान, अधिकारों तथा साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में महिला थाना प्रभारी निरीक्षक रेखा सिंह ने महिलाओं की सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। वहीं, प्रभारी परिवार परामर्श केंद्र डॉ. आशीष श्रीवास्तव ने भी महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करते हुए विभिन्न समस्याओं के समाधान और उपलब्ध सहायता के बारे में जानकारी साझा की।
इस दौरान महिलाओं को बताया गया कि किसी भी प्रकार की परेशानी या अपराध की स्थिति में पुलिस और संबंधित हेल्पलाइन की सहायता कैसे ली जा सकती है। साइबर अपराध होने पर शिकायत दर्ज कराने के तरीकों के बारे में भी जानकारी दी गई।
टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को 1090, 112, 181, 1098 और 1930 हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया। जागरूकता संदेशों के प्रसार के लिए पंपलेट भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना और पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करना रहा। एसएसपी उन्नाव के निर्देशन में मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं की सुरक्षा और जागरूकता के लिए ऐसे प्रयास किए जा रहे हैं।



