उन्नाव: नवरात्र से पहले मिशन शक्ति अलर्ट, महिला पुलिस ने चलाया सघन चेकिंग अभियान

संवाददाता — सचिन पांडे,Kisan Mail News
उन्नाव। शारदीय नवरात्र को देखते हुए महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उन्नाव पुलिस ने मिशन शक्ति अभियान के तहत सक्रियता बढ़ा दी है। एसपी उन्नाव के निर्देशन में महिला पुलिस और एंटी रोमियो टीम ने शहर के प्रमुख स्थानों पर गश्त एवं चेकिंग अभियान चलाकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
महिला थाना प्रभारी निरीक्षक रेखा सिंह ने सदर क्षेत्र में भ्रमण कर महिलाओं की सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान महिलाओं को भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सतर्क रहने तथा अपने सामान और सोने-चांदी के आभूषणों को सुरक्षित रखने की सलाह दी गई।
एंटी रोमियो टीम ने निराला पार्क, पन्नालाल पार्क और कमला भवन सहित विभिन्न स्थानों पर चेकिंग की। पार्कों में मौजूद महिलाओं से बातचीत कर उनकी सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली गई। वहीं, अनावश्यक रूप से घूम रहे युवकों से पूछताछ कर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस टीम ने सुनसान स्थानों के साथ निराला पार्क के आसपास स्थित कोचिंग संस्थानों के नजदीक भी भ्रमण किया। इसके अलावा श्याम कुमारी सेठ विद्यालय में छुट्टी के समय छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गश्त की गई।
एंटी रोमियो प्रभारी उपनिरीक्षक कंचन देवी और मीना सहित टीम के सदस्यों ने मिशन शक्ति से संबंधित पंपलेट वितरित कर महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया। पुलिस ने सुरक्षा संबंधी किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल सहायता लेने और सतर्क रहने का संदेश दिया।



