उन्नाव: PET परीक्षा को लेकर रेलवे स्टेशन पर डीएम और एसएसपी का संयुक्त निरीक्षण

जिला संवाददाता: देवेंद्र तिवारी
उन्नाव। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) को सकुशल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी घनश्याम मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने उन्नाव रेलवे स्टेशन का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था और परीक्षार्थियों के सुगम आवागमन को लेकर की गई तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान रेलवे स्टेशन पर परीक्षार्थियों की संभावित भीड़ के प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था तथा आवागमन को सुचारु बनाए रखने के लिए की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान रेलवे स्टेशन और उसके आसपास विशेष सतर्कता बरती जाए, जिससे अभ्यर्थियों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी सुशील कुमार, उप जिलाधिकारी सदर राजेश विश्वकर्मा और क्षेत्राधिकारी नगर विनी सिंह भी मौजूद रहीं।
एसएसपी जय प्रकाश सिंह ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को रेलवे स्टेशन सहित प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को मुस्तैद रहने को कहा।
प्रशासन का उद्देश्य PET परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ परीक्षार्थियों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं।



