नौकरी दिलाने के नाम पर ₹4 लाख की ठगी का आरोप, फर्जी दस्तावेज बनाने वाला युवक गिरफ्तार

ब्यूरो रिपोर्ट: ऋषभ तिवारी
कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश सचिवालय में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों से लाखों रुपये की कथित ठगी करने के मामले में अकबरपुर पुलिस ने 24 वर्षीय अभिषेक शर्मा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी खुद को यूपी सचिवालय का डिप्टी डायरेक्टर बताकर लोगों को नौकरी दिलाने का भरोसा देता था और प्रत्येक व्यक्ति से करीब चार लाख रुपये लेने का आरोप है। मामले में फर्जी आधार कार्ड, नियुक्ति पत्र और अन्य दस्तावेज तैयार करने का भी खुलासा हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को 24 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9:30 बजे अकबरपुर कस्बे की नई बस्ती, टकटौली रोड स्थित उसके किराये के मकान से गिरफ्तार किया गया।
AI की मदद से तैयार किए जाते थे फर्जी दस्तावेज
पुलिस के अनुसार, कथित धोखाधड़ी में लोगों का भरोसा जीतने के लिए फर्जी आधार कार्ड, नियुक्ति पत्र, आदेश और नोटिस तैयार किए जाते थे। इन दस्तावेजों को बनाने में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और फोटोकॉपी दुकानों से प्रिंट कराने का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है।
अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर वरुण उर्फ नमपुरी उर्फ उमेश वर्मा और देवनारायण मिश्रा के साथ मिलकर काम करने की बात बताई। मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
इस प्रकरण में अकबरपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 425/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 318(4), 338, 336(3), 340(2), 352 और 351(3) में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी के विरुद्ध लगाए गए आरोपों की पुष्टि और दोषसिद्धि का अंतिम निर्णय न्यायालय द्वारा किया जाएगा।



