विहिप के 62वें स्थापना दिवस पर गूंजा संगठन और सांस्कृतिक जागरण का संदेश
संवाददाता — सचिन पांडे, Kisan Mail News
उन्नाव। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) का 62वां स्थापना दिवस समारोह गदनखेड़ा स्थित कान्हा रिसोर्ट में उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विहिप पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। वक्ताओं ने संगठन के इतिहास, उद्देश्यों और विभिन्न सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों पर विचार रखे।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रांत सहमंत्री अविनाश जी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विहिप की स्थापना और संगठन के अब तक के सफर पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन, अमरनाथ यात्रा और गौ रक्षा जैसे विषय संगठन के प्रमुख संघर्षों का हिस्सा रहे हैं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को लगातार आगे बढ़ाने का आह्वान किया। साप्ताहिक सत्संग, मिलन केंद्र और संस्कार शालाओं को उन्होंने सांस्कृतिक जागरण का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
समारोह की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष संजय शुक्ला ने की, जबकि मंच संचालन जिला मंत्री सुनील गुप्ता ने किया। बजरंग दल जिला संयोजक नितिन शुक्ला ने भी कार्यक्रम में अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष प्रभात शुक्ला, गिरीश मिश्रा, पंकज पटेल, डॉ. गिरजा शंकर, शीला सैनी और आरती समेत बड़ी संख्या में विहिप पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।



