भाई से विवाद से परेशान युवक ने डाई पी, DM कार्यालय पहुंचते ही बिगड़ी हालत

ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News
कानपुर देहात। जिलाधिकारी कार्यालय में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शिकायत लेकर पहुंचे 35 वर्षीय युवक की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह कार्यालय परिसर में गिर पड़ा। अधिकारियों के अनुसार युवक ने गांव से ही डाई पी थी और अपने भाई के खिलाफ शिकायत करने के लिए डीएम कार्यालय पहुंचा था।
युवक की पहचान सुंदरपुर गजेन, रसूलाबाद निवासी सत्यनारायण गुप्ता के रूप में हुई है। बताया गया कि सुबह करीब 11:30 बजे वह जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा था। कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ गई और वह गिर पड़ा।
अधिकारियों ने अस्पताल भेजा
युवक की हालत बिगड़ते ही मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने तत्काल उसे उपचार के लिए अकबरपुर जिला अस्पताल भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज अकबरपुर रेफर किया गया। युवक को एसडीएम की गाड़ी से एक कांस्टेबल के साथ अस्पताल पहुंचाया गया।
जिला अस्पताल की इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर धीरज के अनुसार युवक ने डाई पी थी। चिकित्सकों ने उसका उपचार किया, जिसके बाद उसे आगे के इलाज के लिए रेफर किया गया।
भाई पर लगाए मारपीट के आरोप
सत्यनारायण गुप्ता ने आरोप लगाया कि वह अपने भाई शिवेश के व्यवहार से परेशान है। उसका कहना है कि गलत कामों का विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती है। युवक के मुताबिक लगातार विवाद और कथित मारपीट से परेशान होकर वह अपनी शिकायत लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा था।
फिलहाल युवक का मेडिकल कॉलेज अकबरपुर में इलाज चल रहा है। उसके द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और प्रशासन की जांच तथा दोनों पक्षों से जानकारी सामने आने के बाद ही विवाद की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



