उन्नाव में गंगा का जलस्तर घटा, फिर भी छह गांवों में जलभराव; कटरी के रास्ते बंद

ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News
उन्नाव। गंगा के जलस्तर में लगातार गिरावट के बावजूद उन्नाव के कटरी इलाकों में बाढ़ की मुश्किलें पूरी तरह खत्म नहीं हुई हैं। शुक्रवार शाम गंगा का जलस्तर घटकर 112.350 मीटर पहुंच गया, लेकिन गंजमुरादाबाद क्षेत्र के छह गांवों में अब भी पानी भरा हुआ है। कई संपर्क मार्ग जलमग्न होने के कारण ग्रामीणों की आवाजाही प्रभावित है।
सफीपुर क्षेत्र के जमालनगर गैर एहतमाली में कल्याणी नदी का पुल अभी पानी में डूबा हुआ है। यहां आवागमन के लिए नावों का सहारा लिया जा रहा है। प्रशासन के अनुसार पानी तेजी से नीचे जा रहा है, लेकिन बाढ़ का असर खत्म होने में अभी समय लग सकता है।
सैकड़ों बीघा फसल प्रभावित
बाढ़ के कारण क्षेत्र में पहले ही सैकड़ों बीघा फसल जलमग्न हो चुकी है। कई स्थानों पर बिजली के पोल भी पानी में डूबे हैं। ऐसे में जलस्तर बढ़ने की स्थिति में ग्रामीण इलाकों की बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है।
एडीएम वित्त एवं राजस्व सुशील कुमार गोंड के अनुसार पानी तेजी से कम हो रहा है। वहीं एसडीएम बृजमोहन शुक्ला के अनुसार शनिवार को तहसील प्रशासन की टीम प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर बाढ़ से हुए नुकसान का सर्वे करेगी।
फिलहाल प्रशासन की नजर जलस्तर और प्रभावित गांवों पर बनी हुई है। पानी कम होने के बावजूद कटरी क्षेत्र के कई रास्ते अभी आवागमन के लिए सामान्य नहीं हो पाए हैं।



