उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

गौआश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं को लेकर डीएम सख्त, लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश

ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News

उन्नाव। जिले में गौआश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। समीक्षा बैठक में उन्होंने गौशालाओं में हरा चारा, भूसा, पर्याप्त पानी, छाया और साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने के साथ गोवंश के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण पर विशेष ध्यान देने को कहा।

बैठक में ईओ मोहान के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने उनका अग्रिम आदेश तक वेतन रोकने के निर्देश दिए। मोहान क्षेत्र की गौशाला का निर्माण कार्य धीमा मिलने पर भी डीएम ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

बिसवल गौशाला में लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश

बिसवल गौशाला में सामने आई लापरवाही को लेकर डीएम ने ग्राम प्रधान के खिलाफ कार्रवाई से संबंधित पत्रावली प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनोद कुमार से ग्राम प्रधान के विरुद्ध कार्रवाई की पत्रावली उपलब्ध कराने को कहा।

वहीं कोटवा गौशाला के सचिव के करीब 15 दिनों से अनुपस्थित रहने का मामला सामने आने पर डीएम ने सचिव का चार्ज हटाने के साथ निलंबन की कार्रवाई के निर्देश दिए।

छुट्टा गोवंश के संरक्षण के लिए विशेष अभियान

जिलाधिकारी ने सड़कों पर घूम रहे छुट्टा गोवंश को गौआश्रय स्थलों तक पहुंचाने के लिए 15 दिन का विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान सड़कों पर घूम रहे गोवंश को संरक्षित किया जाए और बीमार व कमजोर पशुओं के उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

डीएम ने गौआश्रय स्थलों में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार, चारे-पानी और साफ-सफाई की व्यवस्था की लगातार निगरानी करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि गौ संरक्षण से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

Related Articles

Back to top button