रबी फसलों के बीज की ऑनलाइन बुकिंग 30 सितंबर तक, बिना बुकिंग नहीं मिलेगा बीज

ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News
उन्नाव। रबी सीजन 2026-27 की तैयारियों के तहत कृषि विभाग ने किसानों के लिए बीज की ऑनलाइन बुकिंग शुरू कर दी है। किसान 30 सितंबर तक रबी फसलों के प्रमाणित बीज की ऑनलाइन बुकिंग करा सकेंगे। कृषि विभाग के मुताबिक बिना ऑनलाइन बुकिंग के किसानों को बीज का ऑफलाइन वितरण नहीं किया जाएगा।
किसान agridarshan.up.gov.in पोर्टल पर स्वयं ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। इसके अलावा राजकीय कृषि बीज भंडारों पर भी किसानों के लिए निःशुल्क ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
फार्मर आईडी जरूरी
कृषि विभाग की योजनाओं के तहत बीज पर मिलने वाले अनुदान और अन्य सुविधाओं का लाभ उन्हीं किसानों को मिलेगा, जिनके पास फार्मर आईडी उपलब्ध है। विभाग ने किसानों से समय रहते अपनी फार्मर आईडी से संबंधित प्रक्रिया पूरी करने और बीज की बुकिंग कराने की अपील की है।
गेहूं समेत कई फसलों के बीज पर अनुदान
रबी सीजन में किसानों को विभिन्न फसलों के बीज पर निर्धारित मानकों के अनुसार अनुदान दिया जाएगा। गेहूं के बीज पर 50 प्रतिशत तक अनुदान का प्रावधान है। वहीं चना और मटर की निर्धारित प्रजातियों के बीज पर 50 से 75 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाएगा।
इसके अलावा तोरिया, चना, मटर, मसूर और राई-सरसों के मिनीकिट बीज भी किसानों को निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे।
जिला कृषि अधिकारी शशांक ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा का इंतजार न करें और 30 सितंबर तक ऑनलाइन बुकिंग करा लें, ताकि रबी फसलों की बुवाई के लिए समय से बीज उपलब्ध हो सके।



