उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

पानी के बांध को लेकर हसनगंज में बवाल, सैकड़ों ग्रामीणों में आक्रोश

संवाददाता सचिन पांडे

रात में बांध काटे जाने का आरोप, नवाबगंज चौकी पहुंचे ग्रामीण; मौके पर पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी

उन्नाव। हसनगंज तहसील क्षेत्र के हरचंदपुर गांव में पानी रोकने के लिए बनाए गए बांध को रात में काटे जाने को लेकर विवाद बढ़ गया। बांध काटे जाने की सूचना से नाराज दुंदपुर गांव के सैकड़ों ग्रामीण नवाबगंज चौकी पहुंच गए और पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीणों का कहना है कि पानी रोकने के लिए बांध का निर्माण लेखपाल की मौजूदगी में कराया गया था, लेकिन रात के समय किसी ने बांध को काट दिया। इसके बाद पानी का बहाव गांव और आसपास के खेतों की ओर बढ़ने से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।

पुलिस के आश्वासन पर लौटे ग्रामीण

बड़ी संख्या में ग्रामीणों के चौकी पहुंचने के बाद पुलिस ने उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीण वापस गांव पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसील प्रशासन के अधिकारी, सीओ हसनगंज और अजगैन कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

मौके पर समाजवादी पार्टी की पूर्व प्रत्याशी आंचल वर्मा भी पहुंचीं। प्रशासनिक अधिकारी ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराने और विवाद का समाधान निकालने का प्रयास कर रहे हैं।

सैकड़ों बीघा धान की फसल पर संकट

ग्रामीणों का कहना है कि यदि पानी का बहाव इसी तरह गांव और खेतों की तरफ आता रहा तो सैकड़ों बीघा धान की फसल जलमग्न होकर बर्बाद हो सकती है। ग्रामीणों ने बांध काटने वालों की पहचान कर कार्रवाई करने और पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है।

फिलहाल मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और पुलिस-प्रशासन ग्रामीणों को समझाने में जुटा है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

Related Articles

Back to top button