मिशन शक्ति फेज-6.0: वृद्धाश्रम पहुंचे डीएम और एसएसपी, बुजुर्गों को उपहार देकर जाना हाल

ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News
उन्नाव। मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत जिलाधिकारी घनश्याम मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने ग्राम तकिया निगोही स्थित वृद्धाश्रम का दौरा किया। इस दौरान अधिकारियों ने वृद्धजनों से बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना और उनके स्वास्थ्य, दैनिक दिनचर्या तथा समस्याओं के बारे में जानकारी ली।
कार्यक्रम के दौरान वृद्ध महिलाओं को गिफ्ट हैम्पर, फल और साड़ियां वितरित कर सम्मानित किया गया। वहीं, वृद्ध पुरुषों को गिफ्ट हैम्पर, फल और कंबल प्रदान किए गए। वृद्धाश्रम में सेवा करने वाले कर्मचारियों को भी गिफ्ट हैम्पर और फल वितरित किए गए।
अधिकारियों ने बुजुर्गों से किया संवाद
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी शैलेन्द्र लाल ने भी कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए वृद्धजनों से संवाद किया। एसडीएम सफीपुर फाल्गुनी सिंह और सीओ बांगरमऊ हर्ष मोदी भी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने बुजुर्गों के प्रति सम्मान, सहयोग और संवेदनशीलता बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने वृद्धजनों की समस्याओं को जानने और उनके साथ आत्मीयता से संवाद करने पर जोर दिया।
सम्मान और सहयोग का दिया संदेश
मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता की भावना को बढ़ावा देना रहा। उन्नाव पुलिस की ओर से महिला सुरक्षा, सम्मान और जरूरतमंदों की सहायता के लिए अभियान के तहत विभिन्न जागरूकता एवं सहयोगात्मक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।



