उत्तर प्रदेशकानपुरताजा खबर

कानपुर देहात: भदौरिया जिम सेंटर में छापा, एक्सपायर्ड राइस केक के 5 पैकेट मिले; प्रोटीन सप्लीमेंट के सैंपल जांच को भेजे

ब्यूरो रिपोर्ट: ऋषभ तिवारी

कानपुर देहात। जिले के रनियां क्षेत्र के रायपुर स्थित भदौरिया जिम सेंटर में शिकायतों के बाद प्रशासनिक टीम ने छापेमारी कर जांच की। जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने फूड सप्लीमेंट के तीन नमूने एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे। वहीं, जांच के दौरान राइस केक के पांच एक्सपायर्ड पैकेट भी बरामद हुए।

जानकारी के अनुसार, जिम में प्रतिबंधित सप्लीमेंट और मानकों के विपरीत उत्पाद उपलब्ध कराए जाने की शिकायतें मिली थीं। इसके बाद एसडीएम सदर राजकुमार पांडेय, खाद्य सुरक्षा विभाग और जिला क्रीड़ा अधिकारी की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और उपलब्ध खाद्य उत्पादों की जांच की।

एक्सपायर्ड राइस केक मिलने से मचा हड़कंप

जांच के दौरान जिम में रखे राइस केक के पांच पैकेट एक्सपायर्ड पाए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग ने मामले में नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की बात कही है। इसके अलावा जिम में रखे फूड सप्लीमेंट के तीन नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे गए हैं, ताकि उनकी गुणवत्ता की जांच की जा सके।

जिम संचालक नहीं मिला, पंजीकरण के दस्तावेज भी नहीं दिखाए

एसडीएम के अनुसार, जांच के समय जिम संचालक मौके पर मौजूद नहीं था। वहां उपस्थित लोग भी जिम के पंजीकरण से संबंधित दस्तावेज नहीं दिखा सके। ऐसे में जिम के संचालन से जुड़े दस्तावेजों और शिकायतों के संबंध में विभागीय जांच की जा रही है।

जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई

प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य जिम में इस्तेमाल और उपलब्ध कराए जा रहे खाद्य सप्लीमेंट की गुणवत्ता तथा नियमों के पालन की जांच करना है। फिलहाल सप्लीमेंट की गुणवत्ता और नियमों के उल्लंघन की अंतिम पुष्टि प्रयोगशाला रिपोर्ट एवं विभागीय जांच के बाद ही हो सकेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button