एसएसपी जय प्रकाश सिंह ने पुलिस कार्यालय का किया औचक निरीक्षण

संवाददाता: सचिन पांडेय
उन्नाव। एसएसपी जय प्रकाश सिंह ने शुक्रवार को पुलिस कार्यालय का औचक निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आंकिक शाखा और आईजीआरएस सेल का विशेष रूप से निरीक्षण किया तथा कार्यालय में लंबित प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने ऑनलाइन प्राप्त होने वाले प्रार्थना-पत्रों का शीघ्र और पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने कार्यालय में अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव, परिसर की साफ-सफाई और कार्यस्थल की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को अनुशासन एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने की हिदायत दी।
उन्होंने कहा कि जनशिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता बरती जाए और प्रत्येक प्रकरण में निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान कार्यालय की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने और कार्यप्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।



