
संवाददाता: अकबर अली
लखीमपुर खीरी। जनपद के थाना मैगलगंज अंतर्गत कलुआ गांव के पास संदिग्ध परिस्थितियों में एक किशोर और किशोरी के शव एक ही पेड़ से लटके मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।
बताया जा रहा है कि दोनों बीते दिन अपने घर से स्कूल जाने के लिए निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं लग सका था। मृतक किशोरी जहांनगर निवासी कालीचरण यादव की पुत्री बताई जा रही है, जबकि किशोर स्थानीय गांव का ही निवासी है।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ मितौली भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एहतियातन पूरे घटनास्थल को छावनी में तब्दील कर दिया है और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
परिजनों में आक्रोश, पुलिस पर लगाए आरोप
घटना की खबर फैलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजनों ने पुलिस प्रशासन पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना के बाद से क्षेत्र में भारी तनाव और असंतोष का माहौल बना हुआ है, जिसे देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात है।
प्रेम प्रसंग की चर्चा, जांच जारी
प्रारंभिक जानकारियों के आधार पर मामले में प्रेम प्रसंग का कोण सामने आ रहा है। हालांकि, मौत की असली वजह आत्महत्या है या हत्या, इसका आधिकारिक खुलासा पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहराई से जांच की जा रही है।




