सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम हेतु विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन

लखनऊ। उत्तर रेलवे मंडल चिकित्सालय, लखनऊ में मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा के प्रशासनिक नेतृत्व एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. चारु चंद्र सक्सेना के मार्गदर्शन में सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर) की रोकथाम एवं जागरूकता हेतु विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का आयोजन एवं संचालन डॉ. अनुराधा द्वारा किया गया। इस अवसर पर 24 बालिकाओं को एचपीवी (HPV) वैक्सीन लगाई गई तथा 26 महिलाओं के पैप स्मीयर (Pap Smear) परीक्षण हेतु नमूने लिए गए।
कार्यक्रम के अंतर्गत डॉ. प्रज्ञा ने महिला रोगियों को सर्वाइकल कैंसर के कारणों, जोखिम कारकों, प्रारंभिक लक्षणों, एचपीवी टीकाकरण के महत्व तथा नियमित स्क्रीनिंग द्वारा इसकी रोकथाम के विषय में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने एवं सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
शिविर के सफल संचालन में मैट्रन शैला तिग्गा, नर्सिंग सिस्टर स्वीटी डोगरा तथा स्वास्थ्य परिचारिकाओं जाबा एवं सुषमा का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
इस शिविर का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के प्रति जागरूक करना तथा टीकाकरण एवं समय पर जांच के महत्व को जन-जन तक पहुँचाना था।




