पटियाला-संगरूर मार्ग पर भाखड़ा नहर का लोहे का पुल भरभराकर गिरा

, फंसे दो ट्रक; 100 साल की मियाद का दावा 10 साल में ही धराशायी!
पटियाला: पंजाब के पटियाला-संगरूर बाईपास पर पसियाना गांव के पास भाखड़ा नहर पर बना लोहे का पुल गुरुवार सुबह अचानक टूट गया। हादसा इतना भीषण था कि पुल का एक बड़ा हिस्सा नहर के तेज बहाव और ढांचे के बीच धंस गया, जबकि उस समय पुल से गुजर रहे दो भारी ट्रक टूटे हुए हिस्से में फंस गए। गनीमत रही कि इस बड़े हादसे में किसी जनहानि की सूचना नहीं है और फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन इस घटना ने निर्माण की गुणवत्ता और व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कैसे हुआ हादसा और क्या दिखे हालात?
गुरुवार सुबह तड़के जब दो ट्रक पुल पार कर रहे थे, तभी लोहे के पुल का ढांचा अचानक भरभराकर टूट गया। वीडियो फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि लोहे का ट्रस ढांचा बुरी तरह मुड़ गया है, भाखड़ा नहर का तेज पानी टूटे हिस्से के पास से खौलता हुआ बह रहा है और क्षतिग्रस्त हिस्से में दो भारी ट्रक झुके व फंसे हुए नजर आ रहे हैं। स्थानीय लोगों व प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक ट्रक में आग भी लग गई थी, जिस पर दमकल विभाग और प्रशासन की टीमों ने मौके पर पहुंचकर काबू पाया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव टीमें मौके पर पहुंचीं। सुरक्षा के मद्देनजर पुल के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर आवाजाही रोक दी गई और ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों व दूसरी तरफ से डायवर्ट किया गया। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और राहगीर भी जुट गए।
वीडियो में उठे तीखे सवाल: “100 साल की गारंटी, 10 साल भी नहीं टिकी”
मौके से सामने आए वीडियो में एक स्थानीय व्यक्ति ने पुल गिरने की घटना पर गहरा आक्रोश जताया है। वीडियो में उन्होंने कहा कि यह भाखड़ा नहर का अहम पुल है और बठिंडा-पटियाला-संगरूर मार्ग से जुड़ा है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर पुल कैसे गिरा, जानी-मानी कितना नुकसान हुआ और प्रशासन व सरकार के पास इसका स्पष्ट आकलन है या नहीं।
वीडियो में यह भी कहा गया कि सरकारें और संबंधित एजेंसियां 50 से 100 साल तक चलने वाले निर्माण के दावे करती हैं, लेकिन यह पुल 5 से 10 साल भी नहीं टिक सका। वाहन चालकों और आम जनता से गाड़ी खरीदने से पहले और सड़कों पर चलते हुए भारी रोड टैक्स व अन्य टैक्स वसूले जाते हैं, इसके बावजूद बुनियादी ढांचे की यह हालत बेहद शर्मनाक है। वीडियो में अंग्रेजों के जमाने के पुराने पुलों का जिक्र करते हुए कहा गया कि वे सदियों बाद भी खड़े हैं, जबकि नए पुल कम समय में ही गिर रहे हैं। साथ ही बिहार, बंगाल, गुजरात, हरियाणा, पंजाब और उत्तराखंड में हुई पुल व सड़क टूटने की घटनाओं का हवाला देते हुए इसे गंभीर चिंता का विषय बताया गया।
प्रशासन और जांच पर टिकी निगाहें
स्थानीय स्तर पर यह चर्चा और दावा भी किया जा रहा है कि यह पुल वर्ष 2016 के आसपास बनाया गया था, जबकि प्रशासन और संबंधित विभागों द्वारा इसके निर्माण काल, रखरखाव, लोड और ढांचे के कमजोर होने के कारणों की जांच की जा रही है। (विभिन्न रिपोर्टों के अनुसार, पुल के निर्माण और रखरखाव को लेकर अलग-अलग तथ्य व दावे सामने आए हैं, जिनकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।)
फिलहाल आम जनमानस यही मांग कर रहा है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष और सख्त जांच हो, दोषियों की जवाबदेही तय की जाए और भविष्य में इस तरह की लापरवाही न हो, ताकि लोगों की जान और टैक्स के पैसे दोनों सुरक्षित रह सकें।
वहीं, टूटे हुए पुल के ऊपर से भाखड़ा नहर का पानी बहने लगा है. घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन की राहत और बचाव टीमें और दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं.
दोनों ट्रक ड्राइवरों का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है और किसी के हताहत होनो की खबर नहीं है. सुरक्षा के मद्देनजर पुल के दोनों तरफ बैरिकेडिंग कर दी गई है और इस रास्ते पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है. इसके साथ ही दूसरी तरफ का पुल आवाजाही के लिए खोल दिया गया है.
नेशनल हाईवे और ये पुल लगभग 2016 में बने थे. पुल पर पहले भी दरारें आने की खबर थी. अचानक गिरने से स्ट्रक्चर की हालत पर सवाल उठ रहे हैं. ट्रक ओवरलोड बताए जा रहे थे.




