लखनऊ: सांसदों और विधायकों को गांव-गांव बूथ बनाने का लक्ष्य, 5 दिसंबर तक पूरा करना होगा अभियान
ब्यूरो रिपोर्ट: ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और आगामी चुनावों की तैयारियों को धार देने के लिए बूथ निर्माण अभियान तेज कर दिया है। पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने सांसदों और विधायकों के साथ बैठक कर गांव-गांव बूथ गठित करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह की मौजूदगी में हुई बैठक में चुनावी रणनीति और संगठन विस्तार को लेकर चर्चा की गई।
बैठक में प्रत्येक विधायक को अपने विधानसभा क्षेत्र में 50 बूथ और प्रत्येक सांसद को अपने लोकसभा क्षेत्र में 10 बूथ बनाने का लक्ष्य दिया गया है। विधानसभा क्षेत्रों में 5 दिसंबर तक बूथ गठन का अभियान पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिन विधानसभा सीटों पर भाजपा के विधायक नहीं हैं या जहां पार्टी की स्थिति कमजोर है, वहां विशेष अभियान चलाकर संगठन को मजबूत करने की रणनीति बनाई गई है।
इसके साथ ही बूथों पर मतदाता सूची में अधिक से अधिक लोगों के नाम जुड़वाने पर जोर दिया गया है। खासतौर पर युवाओं, महिलाओं और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे लोगों को शामिल कराने का लक्ष्य रखा गया है।
बूथ निर्माण अभियान की रिपोर्ट प्रदेश नेतृत्व को भेजी जाएगी। इस अभियान में एमएलसी और राज्यसभा सांसदों को भी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।



