उत्तर प्रदेश

पीएम मोदी के जन्मदिन पर अस्पतालों में गूंजेगा सेवा का संकल्प

फल वितरण के साथ प्रदेशभर में लगेंगे रक्तदान शिविर

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक करेंगे कार्यक्रम का शुभारंभ

केजीएमयू, बलरामपुर, सिविल, लोकबंधु समेत प्रमुख अस्पतालों में होंगे आयोजन

लखनऊ, 16 सितंबर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर उत्तर प्रदेश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जनसेवा का व्यापक अभियान चलाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में सेवा और सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान फल वितरित किए जाएंगे, जरूरतमंद के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभिन्न अस्पतालों एवं ब्लड बैंकों में रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। अस्पतालों में भर्ती मरीजों के बीच पहुंचकर फल वितरण किया जाएगा और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की जाएगी। कार्यक्रम के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं के साथ मानवीय संवेदना और सेवा भाव को भी मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा।
राजधानी में आयोजित होने वाले रक्तदान शिविरों में मेदांता अस्पताल, कल्याण सिंह कैंसर इंस्टीट्यूट, लाइफ केयर चैरिटेबल ब्लड एंड कंपोनेंट सेंटर, अवध चैरिटेबल ब्लड बैंक, चरक अस्पताल, बलरामपुर अस्पताल, सिविल अस्पताल, केजीएमयू, लखनऊ विश्वविद्यालय के ओल्ड कैंपस और लोकबंधु राजनारायण अस्पताल समेत विभिन्न संस्थान शामिल हैं। इन शिविरों के जरिए अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया जाएगा, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।

सेवा बने जनभागीदारी का अभियान

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को सेवा, स्वच्छता और जनकल्याण के संकल्प के रूप में मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में देश विकास और जनकल्याण की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। ऐसे में उनके जन्मदिन पर समाज के जरूरतमंद वर्ग तक पहुंचकर सेवा करना प्रत्येक नागरिक के लिए प्रेरणा का अवसर है। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य सेवा और स्वच्छता की भावना को जनभागीदारी के माध्यम से और मजबूत करना है। रक्तदान जैसे पुनीत कार्य के लिए लोगों को प्रेरित करने के साथ अस्पतालों में मरीजों की कुशलक्षेम पूछना और उनके बीच सेवा का भाव पहुंचाना अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि सेवा का भाव केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहना चाहिए। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी क्षमता के अनुसार जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने प्रदेशवासियों से सेवा, स्वच्छता और सहयोग के संकल्प के साथ अभियान से जुड़ने की अपील की।

जन संदेश–

आपको अवगत कराना है कि मा० प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्म दिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत फल वितरण एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है।

कार्यक्रम विवरण

दिनांक: 17/09/2026
दिन: गुरुवार
समय: प्रातः 08:15 बजे
स्थान: डॉ० श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविल अस्पताल, लखनऊ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button