उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

लोनी ड्रेन की सफाई में 88.85 लाख का मामला, तत्कालीन एक्सईएन के खिलाफ विभागीय जांच

ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News

उन्नाव। लोनी ड्रेन की सफाई के नाम पर सरकारी धन के इस्तेमाल को लेकर उठी शिकायत की जांच के बाद तत्कालीन उन्नाव खंड शारदा नहर के एक्सईएन शैलेश कुमार के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। मामला वित्तीय वर्ष 2023-24 में ड्रेन की सफाई के लिए खर्च किए गए करीब 88.85 लाख रुपये से जुड़ा है।

यह मामला भगवंतनगर विधायक आशुतोष शुक्ला की शिकायत के बाद जांच के दायरे में आया। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि लोनी ड्रेन की सफाई के नाम पर काम कराए बिना सरकारी धन निकाला गया।

जांच रिपोर्ट में शिकायत सही पाए जाने का दावा

शिकायत की जांच अधीक्षण अभियंता पंचम मंडल सिंचाई क्षेत्र बरेली द्वारा कराई गई। जांच रिपोर्ट शासन को भेजी गई, जिसमें शिकायत सही पाए जाने की बात सामने आई है। इसके बाद तत्कालीन एक्सईएन के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के आदेश जारी किए गए।

वर्तमान एक्सईएन गगन कुमार शुक्ला ने भी विभागीय जांच के आदेश की पुष्टि की है। उनके अनुसार बिना काम कराए सरकारी धन निकाले जाने की पुष्टि के बाद कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है।

शैलेश कुमार करीब तीन वर्ष तक जिले में एक्सईएन के पद पर तैनात रहे थे। पिछले वर्ष 15 जून 2025 को उन्हें प्रमुख अभियंता कार्यालय लखनऊ से संबद्ध कर दिया गया था।

अब विभागीय जांच में यह स्पष्ट किया जाएगा कि स्वीकृत धनराशि का उपयोग किस प्रकार किया गया और ड्रेन की सफाई से संबंधित कार्य वास्तव में कितना हुआ था।

Related Articles

Back to top button