भारी बारिश के बीच कच्चा मकान ढहा, एक ही परिवार के चार लोगों की मौत; बेटी गंभीर घायल

कानपुर। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच रविवार को हिरनी गांव में कच्चा मकान गिरने से एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम छा गया। घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताते हुए घायल के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं।
पुलिस के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 11 बजे बारिश के दौरान मकान का अगला हिस्सा पूरी तरह ढह गया, जबकि पीछे बने कमरे को भी नुकसान पहुंचा। हादसे के समय परिवार के पांच सदस्य मलबे में दब गए।
सूचना पर पुलिस, दमकलकर्मियों और स्थानीय लोगों ने राहत-बचाव अभियान चलाकर मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला और पटारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया। डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। मौके पर बचाव उपकरणों से लैस तीन दमकल वाहन और एक मोबाइल आपदा प्रतिक्रिया वाहन भी लगाया गया।
चार की मौत, बेटी गंभीर घायल
मृतकों की पहचान मुकेश कुमार और उनकी बेटियों माया (17), नीतू (7) और पल्लवी (5) के रूप में हुई है। वहीं मुकेश की तीसरी बेटी काजल उर्फ लक्ष्मी गंभीर रूप से घायल हुई है, जिसका इलाज कानपुर के लाला लाजपत राय अस्पताल (LLR) में चल रहा है।
परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली और CHC में इलाज को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। मुकेश के चचेरे भाई तेज बहादुर सिंह का आरोप है कि हादसे के बाद परिवार ने साढ़ पुलिस को कई बार फोन किया, लेकिन शुरुआती दौर में फोन का जवाब नहीं मिला।
परिजनों का यह भी आरोप है कि ग्रामीणों को खुद राहत-बचाव कार्य शुरू करना पड़ा और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद मलबे से लोगों को बाहर निकाला गया। पटारा CHC में भी इलाज में देरी का आरोप लगाया गया है। परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बताया गया है कि घायल काजल उर्फ लक्ष्मी की दिसंबर में शादी प्रस्तावित थी। हादसे के बाद परिवार और गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल के अनुसार मकान गिरने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।



