उन्नाव: विश्वकर्मा जयंती पर नर सेवा-नारायण सेवा समिति ने किया हवन-पूजन

ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News
उन्नाव। भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर नर सेवा-नारायण सेवा समिति की ओर से लोकनगर में हवन-पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम जिला अध्यक्ष राकेश राजपूत के आवास पर हुआ। आयोजन संस्था के संस्थापक एवं भाजपा नेता विमल द्विवेदी के नेतृत्व में कराया गया।
कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारियों और सम्मानित नागरिकों ने हवन में आहुति देकर जनकल्याण और सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान भगवान विश्वकर्मा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई।
विमल द्विवेदी ने भगवान विश्वकर्मा को ब्रह्मांड का प्रथम शिल्पकार और वास्तुकार बताते हुए उनके धार्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भगवान विश्वकर्मा ने स्वर्ण लंका और द्वारका का निर्माण किया था। भगवान शिव के त्रिशूल और भगवान विष्णु के सुदर्शन चक्र के निर्माण से जुड़ी मान्यताओं का भी उन्होंने उल्लेख किया।
विश्वकर्मा जयंती पर विभिन्न प्रतिष्ठानों, कारखानों और कार्यस्थलों पर मशीनों, औजारों और वाहनों की पूजा की जाती है। इसी क्रम में समिति के कार्यक्रम में भी श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।
कार्यक्रम में जिला प्रभारी अजय त्रिवेदी के अलावा ज्योति राजपूत, योगेंद्र तिवारी, केतन अवस्थी, धर्मेंद्र शुक्ला, अंकुर त्रिपाठी समेत समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।



