लखीमपुर

नवनिर्मित गोला रेलवे ओवरब्रिज भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा! महज 1 महीने में सड़क पर हुआ गहरा गड्ढा, बड़ा हादसा टला

लखीमपुर खीरी / गोला गोकर्णनाथ (विशेष संवाददाता: अकबर अली):
विकास के बड़े-बड़े दावों और निर्माण की गुणवत्ता की पोल खोलती एक हैरान कर देने वाली तस्वीर गोला गोकर्णनाथ से सामने आई है। लखीमपुर मार्ग पर स्थित रेलवे ओवरब्रिज, जिसे बने हुए अभी महज एक महीना भी पूरा नहीं हुआ है, में अचानक एक बड़ा और गहरा गड्ढा हो गया है। नव-निर्मित ओवरब्रिज की ऐसी बदहाली सीधे तौर पर घटिया निर्माण सामग्री और प्रशासनिक भ्रष्टाचार की ओर इशारा कर रही है।
रात के अंधेरे में इस गड्ढे के कारण कोई बड़ा और भीषण हादसा न हो जाए, इसे देखते हुए जागरूक नेताओं ने तुरंत तत्परता दिखाई। जिला सचिव कांग्रेस कमेटी लखीमपुर खीरी, अब्दुल वकील उल्ला खां ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए अपने साथियों के साथ मिलकर मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। किसी भी अप्रिय घटना से राहगीरों को बचाने के लिए उन्होंने एक लकड़ी के सहारे अपनी लाल टी-शर्ट टांगकर लाल झंडे (खतरे का संकेत) का रूप दिया और गड्ढे में गाड़ दिया, ताकि दूर से आ रहे वाहन चालक सतर्क हो सकें।
स्थानीय नागरिकों एवं राहगीरों का कहना है कि यह ओवरब्रिज लाखों-करोड़ों की लागत से बनकर तैयार हुआ है, लेकिन ठेकेदारों और संबंधित अधिकारियों की अनदेखी के चलते यह बनने के कुछ ही दिनों बाद धराशायी होने लगा है। यदि समय रहते इस गड्ढे की मरम्मत नहीं की गई, तो कभी भी किसी की जान जा सकती है।
जनता अब सवाल उठा रही है कि गुणवत्ताहीन काम करने वाली कार्यदायी संस्था और ठेकेदारों पर कार्रवाई कब होगी?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button