उत्तर प्रदेशकानपुरताजा खबर

कानपुर: नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने पनकी सुंदर नगर में जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण

कानपुर। शहर में बारिश के बाद जलभराव की स्थिति को देखते हुए नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने 8 सितंबर को पनकी के सुंदर नगर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। नगर आयुक्त ने क्षेत्रीय पार्षद के साथ पैदल भ्रमण कर जलभराव वाले स्थानों का जायजा लिया और स्थानीय नागरिकों से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान जोनल अधिकारी, जोनल स्वच्छता अधिकारी, जोनल अभियंता, जलकल विभाग और मार्ग प्रकाश विभाग के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में सघन सफाई अभियान चलाकर स्लज और सिल्ट तत्काल हटाई जाए, साथ ही जल निकासी की व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए। उन्होंने मार्ग प्रकाश व्यवस्था भी बेहतर करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में नगर निगम से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न होने दी जाए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य मार्गों के साथ संपर्क मार्गों पर मौजूद गड्ढों और क्षतिग्रस्त सड़कों का मामला भी नगर आयुक्त के संज्ञान में आया। इस पर उन्होंने जोनल अभियंता को सड़कों की मरम्मत, रखरखाव और सुधारीकरण से संबंधित कार्यों का प्रस्ताव तत्काल प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यकतानुसार आगे की कार्रवाई की जा सके।

नगर आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि जलभराव प्रभावित इलाकों में नागरिक सुविधाओं और जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Related Articles

Back to top button