उन्नाव में अवैध कच्ची शराब के खिलाफ छापेमारी, 38 लीटर शराब बरामद; 200 किलो लहन नष्ट

जिला संवाददाता — देवेंद्र तिवारी , Kisan Mail News
उन्नाव। अवैध कच्ची शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग ने मौरावां थाना क्षेत्र में कई स्थानों पर छापेमारी कर 38 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। कार्रवाई के दौरान करीब 200 किलो महुआ लहन भी मिला, जिसे टीम ने मौके पर ही नष्ट करा दिया।
आबकारी विभाग की टीम ने असरेंदा, गौरी, चित्ताखेड़ा और हिलौली गांव में छापेमारी की। अभियान जिला आबकारी अधिकारी अनुराग मिश्र के नेतृत्व में चलाया गया। आबकारी निरीक्षक निशांत सिंह ने टीम के साथ कार्रवाई को अंजाम दिया, जबकि छापेमारी के दौरान स्थानीय पुलिस बल भी मौजूद रहा।
दो अभियोग दर्ज
कार्रवाई के दौरान बरामद कच्ची शराब को कब्जे में लेकर नियमानुसार कार्रवाई की गई। मौके पर मिले करीब 200 किलो महुआ लहन को नष्ट कराया गया।
आबकारी विभाग के अनुसार मामले में आबकारी अधिनियम के तहत दो अभियोग दर्ज किए गए हैं। विभाग की ओर से अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।



